रूस और यूक्रेन युद्ध को डेढ़ साल से ज्यादा होने के बावजूद अब तक इस संघर्ष का कोई नतीजा नहीं निकला है। खासकर युद्धक्षेत्र में भारी नुकसान के बावजूद दोनों देश पूरी ताकत लगा रहे हैं। रूस की ओर से यूक्रेन की जमीन-बंदरगाह कब्जाए जाने के बाद कीव की ओर से भी रूस में घुसकर हमले करने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें क्रीमिया और मॉस्को जैसे रूस के अहम केंद्रों पर यूक्रेनी ड्रोन से कथित हमले भी शामिल हैं।
इस बीच इन हमलों को देखते हुए रूस की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बताया गया है कि रूस ने सोमवार को मॉस्को की तरफ आ रहे दो ड्रोन्स मार गिराए। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने खुद दावा किया है कि दो ड्रोन्स यूक्रेन की तरफ से मॉस्को में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान शहर के बाहर लगे मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने उन्हें मार गिराया इस घटना के कुछ देर बाद ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर ड्रोन्स के मॉस्को में घुसने की कोशिश असफल किए जाने की जानकारी दी।
हाल ही में, यूक्रेन ने रूस पर ड्रोन हमला कर दिया। हमले में यूक्रेन ने रूस के सबसे बड़े टैंकरों में से एक को निशाना बनाया था। यूक्रेनी सुरक्षा सेवा के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि 450 किलो टीएनटी से लैस ड्रोन ने रूसी झंडे वाले सिग जहाज पर हमला किया। यूक्रेन ने दावा किया था कि टैंकर रूसी सेना के लिए ईंधन ले जा रहा था और जहाज के कुछ लोग घायल हुए हैं। हालांकि, रूसी समुद्री-नदी परिवहन एजेंसी का कहना है कि हमले के कारण किसी व्यक्ति को चोट नहीं पहुंची है।