पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमर उजाला संवाद कार्यक्रम के दौरान भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पर बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी को तो खुद बाहर से यहां लाना पड़ता है। उन्हें खुद रिवर्स इमिग्रेशन की जरूरत है। पंजाब में विपक्ष के आरोपों पर निशाना साधते हुए सीएम मान ने कहा कि राज्य में जमीन उर्वरक है, कुछ भी बोओगे, वह उग आएगा, लेकिन यहां नफरत का बीज नहीं फूटेगा। यहां 10 साल एके-47 भी चली है, लेकिन आज यहां शांति है।
उन्होंने कहा कि पहले दफ्तरों का टाइम साढ़े सात से दोपहर दो बजे तक कर दिया। थोड़े दिन बाबुओं को दिक्कत हुई। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि परिवार के साथ अच्छा वक्त बिताने को मिल रहा है। हमने इससे बिजली बचाई। यह 31 जुलाई तक की व्यवस्था थी।
उन्होंने कहा कि आनंदपुर साहिब हमारे तख्तों में से एक है। हमारे सिखों के पांच में से एक तख्त के नाम पर लोकसभा की सीट है। यहां से सांसद हैं मनीष तिवारी। इसमें किसी को आपत्ति नहीं है। फरीदकोट में 15 लाख में से 10 हजार मुस्लिम होंगे, वहां से मोहम्मद सादिक सांसद हैं। यह बताता है कि हम पंजाब में नाम नहीं देखते। उन्होंने कहा कि संसद में मैंने कहा था कि लंबे सफर को मीलों में मत बांटिए। भारत बहता दरिया है, इसे नदियों-झीलों में मत बांटिए।