भारत का चंद्रयान मिशन अभी तक तय प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ रहा है। गुरुवार को चंद्रयान-3 मिशन से प्रोपल्शन मॉड्यूल अलग हुआ था। अब प्रोपल्शन मॉड्यूल के अलग होने के बाद आज चंद्रयान-3 मिशन का विक्रम लैंडर चांद की निचली कक्षा में प्रवेश करेगा, जहां से चांद की सतह की दूरी कुछ ही किलोमीटर दूर रह जाएगी।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए आज की प्रक्रिया बेहद अहम है और एक तरह से सफल लैंडिंग की प्रक्रिया आज से शुरू हो जाएगी। इसरो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि लैंडर मॉड्यूल मनूवर आज शाम करीब चार बजे किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के तहत लैंडर विक्रम की गति को धीमा करके उसे चांद की कक्षा में नीचे की तरफ उतारा जाएगा। ये प्रक्रिया 20 अगस्त को भी होगी, जिसके बाद विक्रम लैंडर की चांद की सतह से दूरी महज 30 किलोमीटर रह जाएगी। इसके बाद 23 अगस्त को शाम करीब 5.47 बजे विक्रम लैंडर की चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कराई जाएगी।