नवाबों का शहर लखनऊ अपने जायकेदार खाने के लिए मशहूर है। यहां का स्थानीय लजीज व्यंजन पूरी दुनिया में पसंद किया जाता है। लखनऊ कबाब के लिए काफी मशहूर है। हालांकि अब लखनऊ सबसे बड़े स्ट्रीट फूड हब के तौर पर विकसित हो रहा है। हाल ही में गोदरेज फूड ट्रेंड रिपोर्ट 2023 में स्वादिष्ट स्ट्रीट कल्चर के लिए अग्रणी स्थानों की पहचान की गई, जिसमें उभरते हुए भारतीय स्ट्रीट फूड हब की खोज की गई।
इस दौरान 63 फीसदी विशेषज्ञों ने लखनऊ को प्रमुख स्ट्रीट फूड गंतव्य माना। दूसरे स्थान पर कोलकाता रहा, जिसे 57 प्रतिशत लोगों ने स्ट्रीट फूड के लिए बेहतर स्थान माना। लखनऊ में स्ट्रीट फूड कल्चर तेजी से बढ़ रहा है। यहां जगह-जगह पर मशहूर स्ट्रीट फूड्स मिल जाएंगे। गोमती नगर में 1090 चौराहे के पास चटोरी गली है। नाम से ही स्पष्ट है इस गली में खाने के लिए तरह तरह के व्यंजन मिलते हैं। पोटैटो ट्विस्टर, सोया चाप, मोमो समेत हर तरह के स्ट्रीट फूड का स्वाद यहां ले सकते हैं।
अमीनाबाद लखनऊ में स्ट्रीट फूड की सबसे पुरानी और बड़ी जगह है। यहां के कबाब, दही बड़े, फालूदा कुल्फी काफी मशहूर है। हजरतगंज की सड़कों पर पांच पानी वाले गोलगप्पे, खस्ते कचौड़ियां और रसमलाई, मटका बिरयानी खाने को मिल जाएगी। लखनऊ के कपूरथला क्षेत्र में लजीज वेज परांठा, 12 पानी वाले गोल गप्पे, छोले भटूरे और मसाला शिकंजी, भेलपुरी, कुल्हड़ पिज्जा आदि मिलता है।